सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय गुप्ता का निधन, लंबे समय से थे अस्वस्थ

18 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता विनय गुप्ता का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर है।

विनय गुप्ता के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ, समर्पित और कर्मठ नेता विनय गुप्ता के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनके निधन से व्यक्तिगत रूप से भी उन्हें अपूरणीय क्षति हुई है। लंबे समय से अस्वस्थ रहने के बावजूद विनय गुप्ता का संगठन के प्रति समर्पण और आत्मीय जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ। स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों के बीच भी वे संगठन के कार्यों और कार्यकर्ताओं से लगातार जुड़े रहे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता का व्यक्तित्व सरल, सहज और आत्मीय था। वे हर कार्यकर्ता से पूरे अपनत्व के साथ मिलते थे। उनके व्यवहार में सदैव विनम्रता रही और समाज व संगठन के प्रति उनके मन में गहरी संवेदना एवं प्रतिबद्धता थी। उन्होंने अपना जीवन संगठन को मजबूत करने और समाज की सेवा में समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि विनय गुप्ता का निधन उनके परिवार के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी और पूरे सिरमौर के लिए बड़ी क्षति है। डॉ. बिंदल ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

विनय गुप्ता नाहन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। वे नाहन विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *