मुख्याध्यापकों की पदोन्नति सूची जल्द जारी करने की मांग, मुख्यमंत्री से मिला शिक्षक संगठनों का प्रतिनिधिमंडल

18 सितंबर , नरेश मलोटिया : हिमाचल प्रदेश प्रमोटी स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन तथा हिमाचल प्रदेश हेडमास्टर प्रिंसिपल ऑफिसर कैडर एसोसिएशन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सेरा स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के सरकारी उच्च विद्यालयों में रिक्त पड़े मुख्याध्यापकों के पदों को भरने और पात्र शिक्षकों की पदोन्नति सूची जल्द जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई।

प्रतिनिधिमंडल में हेडमास्टर प्रिंसिपल एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव मुलख राज तथा प्रमोटी स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन के जिला हमीरपुर अध्यक्ष अजय नंदा सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश के सरकारी उच्च विद्यालयों में मुख्याध्यापकों के 700 से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। इससे विद्यालयों की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और अन्य शिक्षकों पर अतिरिक्त प्रशासनिक जिम्मेदारियां पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मुख्याध्यापक पद पर पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र शिक्षकों को पदोन्नति मिलने से न केवल उन्हें इसका लाभ मिलेगा, बल्कि विद्यालयों में प्रशासनिक व्यवस्था भी मजबूत होगी।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पात्र टीजीटी एवं पदोन्नत प्रवक्ताओं की मुख्याध्यापक पद पर पदोन्नति की सूची शीघ्र जारी की जाए। प्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2026 में मुख्याध्यापक संवर्ग के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र शिक्षकों से विकल्प भी आमंत्रित किए गए थे।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मुख्याध्यापकों की पदोन्नति सूची जारी करने की प्रक्रिया चल रही है और इसे शीघ्र जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मुख्याध्यापकों के सभी रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने का आग्रह किया, ताकि प्रदेश के उच्च विद्यालयों का प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संचालन सुचारु रूप से हो सके और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *