सिरमौर के श्री रेणुका जी में 28.22 करोड़ से बनेंगी पांच सड़कें, सीएम सुक्खू ने किया शिलान्यास

16 सितंबर:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से सिरमौर जिले के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के पहले बैच के तहत पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं के निर्माण पर कुल 28.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इनमें बिरला-गाटू से मढारा सड़क, कटवारी बगराथ से बिरला सड़क, ठाकर से कुज्जेवाला सड़क, गांव बखान से केलेवाला सड़क तथा खरकोली से उंग्गर कांडो सड़क शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की जनता को इन सड़क परियोजनाओं के लिए बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें विकास और प्रगति की महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा हैं। प्रदेश सरकार राज्य में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में संपर्क सुविधा बेहतर होगी। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को पांच सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दुर्गम क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और मौजूदा सड़कों में सुधार को प्राथमिकता दे रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने देशभर में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सिरमौर जिले सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।

इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, अधीक्षण अभियंता हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग अरविंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *