15 अप्रैल: नैण गांव की सिया की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। मंगलवार को आरोपी विकास को मंडी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से मामले के कारणों और अन्य अहम पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी।
इसी बीच, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दराट गेहूं के खेतों से बरामद कर लिया है, जिसे मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
मंगलवार देर शाम आरोपी की तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वहीं, एसपी मंडी विनोद कुमार, एएसपी अभिमन्यु वर्मा और डीएसपी संजीव गौतम ने नैण गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।