10 मई: हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज के भुक्कड़ क्षेत्र स्थित गांव बैरी भटां में एक दर्दनाक हादसे में 12वीं पास युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित कुमार पुत्र शशि पाल निवासी गांव बैरी भटां, डाकघर भुक्कड़, उपमंडल भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अंकित कुमार अपने दोस्तों के साथ साइकिल चला रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे साइकिल खड़ी करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के साथ बने नाले में जा गिरा। हादसे के दौरान वहां लगा लोक निर्माण विभाग का पैराफिट भी युवक के साथ नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल अंकित को उपचार के लिए सरकाघाट अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पूर्व प्रधान किशोर चंद ने घटना की पुष्टि की है। वहीं युवक की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।