पीएम मोदी ने की एचपीवी टीकाकरण अभियान की सराहना, देश में एक करोड़ से अधिक बच्चियों को लगे टीके

23 नवम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत देश में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए जाने की उपलब्धि की सराहना की है। उन्होंने इसे निवारक स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके स्वस्थ भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम है।

प्रधानमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर अभियान से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक टीका बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक कदम है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 21 नवंबर को एक करोड़ टीकाकरण का आंकड़ा पार होने की जानकारी दी थी। फरवरी 2026 में शुरू हुए इस अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में करीब 1.2 करोड़ बच्चियों के वार्षिक लक्षित समूह में से लगभग 87 प्रतिशत तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित की गई है।

इस अभियान के तहत 14 वर्ष की बच्चियों को अभिभावकों की सहमति से गार्डासिल-4 टीके की एक खुराक मुफ्त और स्वैच्छिक रूप से दी जा रही है। एचपीवी के कुछ उच्च जोखिम वाले प्रकार सर्वाइकल कैंसर के अधिकांश मामलों के लिए जिम्मेदार होते हैं। ऐसे में संक्रमण से पहले टीकाकरण इस बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय माना जाता है।

टीकाकरण अभियान को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों के माध्यम से लागू किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार अपने चिन्हित लक्षित समूह का 100 प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर चुके हैं। वहीं, कुल टीकों की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश 29.33 लाख से अधिक खुराक के साथ पहले स्थान पर है। बिहार में 13.70 लाख और गुजरात में 7.75 लाख से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

असम में लक्षित समूह का 95.63 प्रतिशत, तेलंगाना में 95.28 प्रतिशत, कर्नाटक में 93.16 प्रतिशत और उत्तराखंड में 90.17 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एचपीवी टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर का खतरा काफी कम किया जा सकता है। हालांकि, इसके साथ जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच भी जरूरी है, ताकि बीमारी से पहले होने वाले बदलावों की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके। इस अभियान की सफलता में राज्य स्वास्थ्य विभागों, डॉक्टरों और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *