सांसद निधि के कार्यों में कांगड़ा लोकसभा का प्रदर्शन उत्कृष्ट, लंबित योजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश

9 सितंबर : कांगड़ा-चंबा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अधिकारियों को केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिशा बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रभावी निगरानी कर विकास कार्यों में तेजी लाना है।

बैठक में सांसद निधि से स्वीकृत विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। सांसद ने लंबित कार्यों, स्वीकृत होने के बावजूद शुरू न हुए कार्यों तथा भूमि एवं फिजिबिलिटी से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लंबित कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने, नॉन-फिजिबल कार्यों की राशि वापस लेकर उसी क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों पर खर्च करने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी पोर्टल पर तत्काल अपडेट करने को कहा। उन्होंने बताया कि सांसद निधि की राष्ट्रीय स्तर की मॉनिटरिंग में कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।

बैठक में हैंडपंप, सामुदायिक भवन, सड़क, सुरक्षा दीवार और इंडोर स्टेडियम सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को मामलों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और कार्यों में देरी के स्पष्ट कारण बताने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि चक्की से परौर तक फोरलेन का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बरसात और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रभावित कार्य को आगामी सात से आठ माह में पूरा कर मार्ग को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। स्कूलों और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित कनेक्टिविटी के लिए फुटओवर ब्रिज और आवश्यक स्थानों पर अंडरपास की संभावनाओं पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीबी उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, सर्पदंश और डॉग बाइट के मामलों पर चर्चा की गई। सांसद ने टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाने और निक्षय मित्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, एनजीओ और एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

सर्पदंश के मामलों में लोगों को सावधानी और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करने तथा डॉग बाइट की समस्या के समाधान के लिए नसबंदी, एंटी रेबीज टीकाकरण, आवारा कुत्तों की उचित व्यवस्था और निर्धारित डॉग फीडिंग प्वाइंट बनाने की दिशा में तेजी से कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में आधारभूत ढांचे, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ, सुपर स्पेशलिटी सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

आरडीएसएस के तहत चल रहे विद्युत कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने बताया कि जिले में अधिकांश स्थानों पर सिविल कार्य अंतिम चरण में हैं। अब तक 111 नए वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा चुके हैं और करीब 44,300 स्मार्ट मीटर बदले गए हैं। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा स्मार्ट मीटरिंग की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान शाहपुर, रहेलू और नागाबाड़ी में संभावित ब्लैक स्पॉट की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए गए। 32 मील और नागाबाड़ी सहित प्रमुख जंक्शनों पर हाई मास्ट अथवा सोलर लाइट लगाने तथा यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया गया। बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़कों के स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्य करने को कहा गया।

सांसद ने बताया कि धर्मशाला सर्कल में प्रस्तावित 129 में से 81 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं, नूरपुर सर्कल में 68 में से 61 और देहरा में 25 में से 17 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। नूरपुर और जसूर की सीवरेज परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए नूरपुर के बरंडा में सीवरेज कार्य दिसंबर तक पूरा करने तथा जसूर एसटीपी का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में धर्मशाला स्मार्ट सिटी, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, बागवानी, पशुपालन तथा उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ऋण एवं सब्सिडी जारी करने में हो रही देरी की शिकायतों पर चर्चा करते हुए सांसद ने लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने तथा बैंक स्तर पर आ रही समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।

डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों की कार्रवाई रिपोर्ट तैयार की जाए। करीब 15 दिन बाद दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रत्येक विभाग से प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *