लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर झंगराड़ा में रक्तदान शिविर, विधायक मलेंद्र राजन ने किया रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन

9 सितंबर: अमर शहीद लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर झंगराड़ा स्थित मिनर्वा ग्रुप ऑफ कॉलेजिज परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक मलेंद्र राजन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों से ऐसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

लाला जगत नारायण के जीवन और योगदान को याद करते हुए विधायक ने कहा कि वह निर्भीक पत्रकार, स्वतंत्रता सेनानी और समाजसेवी थे। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया तथा अपनी लेखनी के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन उनके सेवा और राष्ट्रहित के आदर्शों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। विधायक ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उनका योगदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।

विधायक ने आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

इस अवसर पर डीएसपी संजीव यादव, मनोहर सिंह, नरेंद्र शर्मा, विजेंद्र पठानिया, सूरज चौधरी, रणजीत कटोच सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *