25 जुलाई: कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए कांगड़ा की टीम ने 24 जुलाई 2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर समेला रेलवे ओवरब्रिज के समीप दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2.36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में थाना कांगड़ा में एफआईआर संख्या 115/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 29, 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई करने वाले थे। मामले के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय मंगल कुमार निवासी गांव घोबरखाल, डाकघर पठियार, तहसील नगरोटा बगवां तथा 23 वर्षीय लवेश कुमार निवासी गांव मझेटली, डाकघर पठियार, तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
कांगड़ा पुलिस ने दोहराया है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।