बोह घाटी में स्वास्थ्य विभाग बना राहत का सहारा, दुर्गम गांवों में पहुंचाकर दी चिकित्सा सेवाएं

25 जुलाई: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बोह घाटी में आई प्राकृतिक आपदा के बीच स्वास्थ्य विभाग शाहपुर ने राहत एवं बचाव कार्य में सराहनीय भूमिका निभाते हुए प्रभावित लोगों तक समय पर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाईं। आपदा प्रभावित गांव घरघून और सपैड़ा में विभाग की टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद लोगों को उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।

खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर के नेतृत्व में चिकित्सा अधिकारी पीएचसी दरिणी डॉ. इशरीत और उनकी टीम राहत अभियान में लगातार सक्रिय रही। टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर घायल और बीमार लोगों का प्राथमिक उपचार किया, स्वास्थ्य जांच की तथा जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।

आपदा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम राहत शिविरों और प्रभावित गांवों में लगातार मौजूद रही। दुर्गम रास्तों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया, ताकि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को चिकित्सा सहायता के अभाव का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग शाहपुर की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने न केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, बल्कि प्रभावित परिवारों का हौसला भी बढ़ाया। उनका समर्पण और सेवा भाव आपदा राहत कार्य में मानवता की मिसाल बनकर उभरा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *