25 जुलाई: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लगातार दूसरे दिन बोह क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने प्रभावित लोगों का हालचाल जानकर भरोसा दिलाया कि उनके पुनर्वास तक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक ने अपनी ओर से 10 क्विंटल आटा-चावल, दालें, 80 महिला सूट, महिलाओं के घरेलू उपयोग का सामान, 25 शॉल, 100 पैंट-कमीज तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रभावित परिवारों को भेंट कीं। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी एवं एटीसी शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया भी मौजूद रहीं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में बनाए गए राहत शिविर का दौरा कर परिवारों से बातचीत की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटे हैं और किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
विधायक के निर्देश पर राहत शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। पांच डॉक्टरों की टीम ने लगभग 150 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और सभी जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाईं। मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ डॉ. अनीता ने भी प्रभावित लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
इसके बाद विधायक शाहपुर विधानसभा के अंतिम गांव लाम पहुंचे, जो कांगड़ा और चंबा की सीमा पर स्थित है। वहां उन्होंने भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने बोह राहत शिविर में राशन व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान रोटरी क्लब शाहपुर ने भी राहत सामग्री वितरित कर सहयोग किया। मौके पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय समयाल, सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. राकेश, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज गर्ग, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।