सड़क का कच्चा किनारा धंसा, खाई में गिरी कार; दादी-पोती बाल-बाल बचीं

7 अगस्त: चम्बा जिले के बनीखेत-डल्हौजी संपर्क मार्ग पर भटिया के समीप सड़क का कच्चा किनारा अचानक धंसने से एक कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दादी और उनकी 6 वर्षीय पोती को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

जानकारी के अनुसार भनौता गांव निवासी जोगिंद्र कुमार अपनी पत्नी कुसुमलता और 6 वर्षीय पोती नविष्का शर्मा, पुत्री विकास शर्मा, के साथ डल्हौजी से बनीखेत की ओर जा रहे थे। भटिया के समीप जोगिंद्र कुमार ने शौच जाने के लिए कार को सड़क किनारे कच्चे हिस्से में खड़ा किया। इसी दौरान अचानक कार के नीचे से सड़क का कच्चा हिस्सा धंस गया और कार उनकी पत्नी व पोती समेत खाई में जा गिरी।

हादसा होते देख वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोग खाई में उतरे और दादी-पोती को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद डल्हौजी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल डल्हौजी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दादी और पोती को घर भेज दिया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरी कार को भी बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *