4 जुलाई: औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस स्थित जस्सर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में ड्यूटी के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कीर्ति सिंह पुत्र कोतवाल सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली जिले के गांव कंदेरी का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, कीर्ति सिंह फैक्टरी में पेपर रोलिंग मशीन पर कार्यरत था। इसी दौरान मशीन में कागज फंस गया। फंसे हुए कागज को निकालने के लिए जैसे ही उसने हाथ से उसे खींचने का प्रयास किया, उसका हाथ मशीन की चपेट में आ गया। देखते ही देखते मशीन ने उसे अपनी ओर खींच लिया।
हादसे के समय पास में मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने तुरंत मशीन बंद कर दी। इसके बाद अन्य कर्मचारियों की मदद से गंभीर रूप से घायल कीर्ति सिंह को उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी डाडासीबा राज कुमार और थाना संसारपुर टैरस के प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नूरपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
डीएसपी राज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मशीन में फंसा कागज निकालते समय कर्मचारी हादसे का शिकार हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद देहरा में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।