ऊना में क्लोज सीजन के दौरान अवैध मछली बिक्री पर कार्रवाई, पांच मामलों में 8 हजार रुपये जुर्माना

4 जुलाई: जिला ऊना में मत्स्य विभाग ने क्लोज सीजन के दौरान अवैध रूप से मछली बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पांच मामलों में कुल 8 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है।

मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक विवेक शर्मा ने बताया कि विभाग की विशेष टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मछली विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रूप से मछली बेचने के पांच मामले सामने आए, जिन पर नियमानुसार मौके पर ही कुल 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

उन्होंने बताया कि मछलियों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में क्लोज सीजन लागू है। इस अवधि में मत्स्य संसाधनों के संरक्षण और प्राकृतिक प्रजनन प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए मछली पकड़ने और बिक्री पर प्रतिबंध रहता है।

विवेक शर्मा ने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रजनन काल के दौरान मत्स्य संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना है। इसलिए नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और मछली विक्रेताओं से क्लोज सीजन के दौरान सभी नियमों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी औचक निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *