4 जुलाई, रवि दत्त भारद्वाज: राजगढ़ विकास खंड के अंतर्गत पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय राजगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी उमेश शर्मा ने की।
बैठक में विकास खंड की सभी 34 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक तथा ग्राम रोजगार सेवकों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न मदों के तहत पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिन कार्यों में देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक पंचायत को विशेष कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में एक जुलाई से पूरे देश में शुरू हुए विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और इसके तहत किए जाने वाले विकास कार्यों से पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया तथा प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, विधायक निधि, सांसद निधि तथा पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। आगामी 5 जुलाई को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं के एजेंडे, तैयारियों और जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से ग्राम सभाओं का सफल आयोजन सुनिश्चित करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी उमेश शर्मा ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का आग्रह किया।