संजय अवस्थी और चंद्रशेखर को बनाया गया प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

27 मार्च।हिमाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव से पहले पार्टी हाईकमान ने संजय अवस्थी और चंद्रशेखर को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्तियां दी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आदेशों पर संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार देर शाम को इनकी नियुक्तियों को लेकर पत्र जारी किया। जिला सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र से विधायक संजय अवस्थी सरकार में मुख्य संसदीय सचिव भी हैं। जिला मंडी के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से चंद्रशेखर कांग्रेस के विधायक हैं। चंद्रशेखर जिला मंडी से कांग्रेस के एकमात्र विधायक हैं। अभी कृषि मंत्री चंद्र कुमार और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार भी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हैं। बीते वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने चार कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए थे। इनमें से राजेंद्र राणा और हर्ष महाजन कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस में नए कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए संजय अवस्थी और चंद्रशेखर मुख्यमंत्री के करीबियों में हैं। कुछ महीने पहले तक चर्चा थी कि प्रतिभा सिंह के मंडी से चुनाव लड़ने के चलते प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार इनमें से किसी एक नेता को मिलेगा। लेकिन प्रदेश में बीते एक माह के दौरान हुई सियासी उठापटक के बाद प्रतिभा सिंह को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की चर्चा पर अब विराम लग गया है। इसके चलते ही बुधवार को इन दोनों कांग्रेस विधायकों को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *