18 अगस्त: शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के शोघी में 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का कार्य आगामी नौ माह में पूरा किया जाएगा। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को भवन का निरीक्षण करते हुए संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित अवधि में इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने किया था, लेकिन पिछले कुछ समय से निर्माण कार्य की गति धीमी हो गई थी। अब कार्य दोबारा गति पकड़ चुका है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और ट्रामा सेंटर की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे दुर्घटना की स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
इसके बाद विक्रमादित्य सिंह ने शोघी पंचायत भवन में शोघी, आनंदपुर, कोट, थड़ी, जलेल और बढ़ई पंचायतों के लिए आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत का विकास सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शोघी पंचायत के विकास के लिए विधायक निधि सहित 32 लाख रुपये तथा थड़ी पंचायत के लिए 16 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में करीब 11 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। विभिन्न सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए भी करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
विक्रमादित्य सिंह ने शोघी स्कूल को सीबीएसई स्कूल का दर्जा मिलने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी और कहा कि स्कूल में अध्यापकों के रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि शोघी में बिजली बोर्ड का सब-स्टेशन जल्द शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बसों की कमी दूर करने के लिए शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए 30 नई इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत करवाई गई हैं। इनमें से 18 बसें विभिन्न रूटों पर चल रही हैं, जबकि 12 अन्य बसों को भी जल्द रवाना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोघी में बस अड्डा और एचआरटीसी सब-डिपो स्थापित करने के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा शोघी क्षेत्र में मुद्रिका बस सेवा शुरू करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने सड़क, बिजली, पेयजल तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। विक्रमादित्य सिंह ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया और अन्य मामलों के निपटारे के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शोघी बस अड्डे के रेलवे स्टेशन की ओर बड़े रेन शेल्टर और सड़क पार करने के लिए ओवरब्रिज के निर्माण की भी बात कही।
इसके बाद मंत्री ने शोघी-थड़ी-सालाना तथा फायल रामपुरी वाया मथोली संपर्क सड़कों का निरीक्षण किया। फायल रामपुरी वाया मथोली सड़क के निर्माण में आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से समाधान निकालने के निर्देश दिए।
बाद में विक्रमादित्य सिंह शागीन स्थित माहूनाग मंदिर में नाग पंचमी मेले में शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर माहूनाग महाराज का आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य प्रियंका तनवर, पंचायत समिति अध्यक्ष जीत सिंह ठाकुर, एसडीएम शिमला ग्रामीण मनजीत सिंह, बीडीओ टूटू बृजेश भारद्वाज, तहसीलदार संजीव गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।