चिंतपूर्णी मेले की व्यवस्थाओं की डीसी ने की समीक्षा

18 अगस्त: श्रावण अष्टमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने माई दास सदन में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को मेले की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद उपायुक्त ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और गेट नंबर-1 व गेट नंबर-2 पर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दोनों गेटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और निर्धारित कतार व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुचारू दर्शन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में यातायात और पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करवाने को कहा, ताकि मुख्य मार्गों और पैदल रास्तों पर भीड़ न बढ़े और श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी न हो।

उन्होंने मेले के दौरान पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आवश्यकता पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जतिन लाल ने कहा कि श्रावण अष्टमी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन का प्रयास है कि उन्हें सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध करवाया जाए।

इस अवसर पर एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, एएसपी ऊना अजय राणा, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *