ठियोग क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति, 239 करोड़ से सुधरेगी छैला-यशवंत नगर सड़क

18 अगस्त: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ठियोग क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। वह दो दिवसीय ठियोग उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ठियोग उत्सव क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से ठियोग क्षेत्र में सड़क, बागवानी और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। शिमला से रामपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 1,400 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हुए हैं। यह मार्ग रामपुर के साथ किन्नौर और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

मंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान भूस्खलन, बाढ़ और सड़क क्षति से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार और सुधार कार्यों में अधिक से अधिक सुरंगों के निर्माण की मांग की जा रही है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाया जा रहा है। बरसात के दौरान सड़कों को यातायात के लिए सुचारू बनाए रखने के लिए मशीनरी और श्रम शक्ति को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में परेशानी न हो।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि छैला-यशवंत नगर सड़क के उन्नयन के लिए करीब 239 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना का कार्य जल्द चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र के बागवानों और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी तथा कृषि-बागवानी उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मजबूत और टिकाऊ आधारभूत ढांचा तैयार करना है। सड़क संपर्क बेहतर होने से पर्यटन, बागवानी, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

स्थानीय विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि मेले और उत्सव हमारी संस्कृति को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं लागू की हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में नगर परिषद वाइस चेयरमैन कमला शर्मा, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मोक्टा, बीडीसी अध्यक्ष रीटा, सीनियर एडवोकेट जनरल महेंद्र जरेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय शर्मा, टिक्का दिग्विजय चंद, रूपेश, सत्यजीत नेगी, एसडीएम डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, ईओ नगर परिषद डॉ. वरुण शर्मा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *