18 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पुलिस थाना चिड़गांव के अंतर्गत धामवाड़ी के पास एक कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बलवंत सिंह निवासी गांव गोक्सवाड़ी, तहसील चिड़गांव के रूप में हुई है। वह शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार बलवंत सिंह जनगणना ड्यूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान धामवाड़ी के पास उनकी कार (HP 10B 5690) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।