शिमला के सरकारी स्कूल में चोरी, रसोई का सामान लेकर फरार हुए चोर

10 जून : राजधानी शिमला के शिवपुरी स्थित एक सरकारी स्कूल में चोरी की अनोखी घटना सामने आई है। आरोपियों ने स्कूल में घुसकर पहले मिड-डे मील के राशन से खिचड़ी बनाई और खाई, इसके बाद रसोई में रखा सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

जानकारी के अनुसार वारदात सरकारी अवकाश के दौरान हुई। स्कूल बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात लोग परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि उन्होंने स्कूल रसोई में उपलब्ध राशन का उपयोग कर भोजन तैयार किया और खाने के बाद वहां रखा सामान अपने साथ ले गए।

स्कूल प्रबंधन के मुताबिक रसोई से तीन थालियां, दो पतीले, एक डिनर सेट, गैस बर्नर और एक कढ़ाई गायब मिली है। अगली सुबह जब स्कूल स्टाफ पहुंचा तो रसोई की स्थिति देखकर मामले का पता चला।

सूचना मिलने पर छोटा शिमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

स्कूल प्रशासन ने घटना पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *