ज्वालामुखी अस्पताल में मरीजों को परोसी गई खराब ब्रेड, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप

10 जून : ज्वालामुखी अस्पताल में भर्ती मरीजों को नाश्ते में कथित रूप से खराब ब्रेड परोसे जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन और भोजन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को अस्पताल में भर्ती मरीजों को नाश्ते के दौरान ब्रेड दी गई। कुछ मरीजों ने ब्रेड की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए उसे खाने से इंकार कर दिया। इसी दौरान एक मरीज द्वारा ब्रेड का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जो बाद में वायरल हो गया।

बताया जा रहा है कि ब्रेड के पैकेट पर अंकित समाप्ति तिथि अभी शेष थी, इसके बावजूद उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है।

बीएमओ डॉ. पवन ने मामले का संज्ञान लेते हुए भोजन सप्लाई करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *