शिमला के लिए मेगा प्लान: पार्किंग, ट्रैफिक और अर्बन डेवलपमेंट पर 1200 करोड़ खर्च

27 अप्रैल: राजधानी शिमला में ट्रैफिक समस्या से राहत दिलाने के लिए जल्द ही हाइड्रोलिक पार्किंग सिस्टम विकसित किया जाएगा। यह जानकारी लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दी।

सोमवार को 14वीं जिला शिमला आईटीआई (महिला) स्पोर्ट्स मीट के समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे मंत्री ने कहा कि शहर के करीब 15 स्थानों को हाइड्रोलिक पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है। यह परियोजना 1200 करोड़ रुपए की शहरी विकास योजना के तहत लागू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत शिमला में ट्रैफिक जाम कम करने, आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित करने, भूमिगत पाइपलाइन बिछाने और कांगड़ा एयरोसिटी जैसी योजनाबद्ध टाउनशिप विकसित करने पर काम किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से डीपीआर प्रस्तुत होने पर इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देने का आश्वासन भी मिला है।

इस मौके पर मंत्री ने कहा कि स्किल एजुकेशन के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। आईटीआई संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे छात्रों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पोर्ट्स मीट के सफल आयोजन के लिए 41 हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की। साथ ही, आईटीआई शिमला को 15 हजार रुपए और बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्रा ममता को 5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया।

समारोह में मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह स्पोर्ट्स मीट 24 से 27 अप्रैल तक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न आईटीआई की छात्राओं ने भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *