शाहपुर के रिंकू कुमार ने बढ़ाया देश का मान, कराटे में हासिल की अंतरराष्ट्रीय ‘ब्लैक बेल्ट 6th डैन’ उपाधि

27 जुलाई, बबलू सूर्यवंशी जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की रेहलू पंचायत निवासी कराटे कोच शिहान रिंकू कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारत और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ केनशिनकाई गोजू रियू कराटे-डो, जापान द्वारा प्रतिष्ठित ‘ब्लैक बेल्ट 6th डैन’ की उपाधि प्रदान की गई है।

इस उपलब्धि के लिए इंटरनेशनल फेडरेशन के चेयरमैन मास्टर जोस फंडोरा (यूएसए, फ्लोरिडा) स्वयं पठानकोट पहुंचे और उन्होंने रिंकू कुमार की करीब छह घंटे तक कड़ी परीक्षा ली। इस दौरान उनकी शारीरिक क्षमता, तकनीकी दक्षता, गोजू रियू शैली पर पकड़, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का गहन परीक्षण किया गया। रिंकू कुमार ने सभी चरण सफलतापूर्वक पार कर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की।

परीक्षण के उपरांत जापान के टोक्यो स्थित फेडरेशन मुख्यालय से उन्हें आधिकारिक रूप से ‘ब्लैक बेल्ट 6th डैन’ की मान्यता प्रदान की गई।

रिंकू कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय फेडरेशन के चेयरमैन मास्टर जोस फंडोरा के मार्गदर्शन तथा शिहान प्रमोद भंडारी के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे देश और मार्शल आर्ट्स से जुड़े सभी खिलाड़ियों का सम्मान है।

गौरतलब है कि रिंकू कुमार पिछले कई वर्षों से विभिन्न विद्यालयों में बच्चों को कराटे का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके प्रशिक्षित अनेक खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं।

रिंकू कुमार की इस उपलब्धि पर शाहपुर, पठानकोट और पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। खेल जगत, मार्शल आर्ट्स से जुड़े प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *