नादौन में 28 व 29 जुलाई को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा व्यास पूर्णिमा महोत्सव

27 जुलाई , नरेश मालोटिया : नादौन के समीप स्थित पूज्य मौनी बाबा कुटिया (निष्काम धाम), फतेहपुर में 28 और 29 जुलाई को व्यास पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक पाठ, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

कुटिया के संयोजक आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि 28 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे से सामूहिक मंगलगान, विष्णुसहस्रनाम स्तोत्र पाठ, बाल समूह द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता पाठ, शिव तांडव स्तोत्र सहित विभिन्न स्तोत्रों की संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। सायं 5:30 बजे बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को प्रातः 6:30 बजे पूज्य गुरुदेव का वैदिक विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके बाद सामूहिक विष्णुसहस्रनाम पाठ, बाल सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा ‘गुरु तत्त्व विमर्श एवं गुरु पूर्णिमा के महत्व’ विषय पर विशेष प्रवचन आयोजित होगा।

ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. रत्नचंद शर्मा ने बताया कि व्यास पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और ज्ञान परंपरा के सम्मान का महापर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व और उसके आध्यात्मिक संदेश से भी अवगत कराया जाएगा।

पूज्य मौनी बाबा आध्यात्मिक ट्रस्ट एवं पूज्य मौनी बाबा प्रबंधकारिणी समिति ने नादौन तथा आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार एवं बच्चों सहित इस पावन महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *