कुल्लू में जल शक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया की मौत, मारपीट के बाद एम्स में तोड़ा दम

27 जुलाई: जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) लाभ सिंह गुलेरिया की अज्ञात लोगों द्वारा कथित मारपीट के बाद उपचार के दौरान रविवार को एम्स बिलासपुर में मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात लाभ सिंह गुलेरिया देर तक घर नहीं पहुंचे। उनकी पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोबाइल पर संपर्क करने पर उन्होंने पिरड़ी पुल के पास दुर्घटना होने की बात कही थी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान गांधी नगर स्थित रोटरी आई अस्पताल के बाहर उनकी स्कूटी खड़ी मिली, जबकि वह पास ही एक टीनपोश सब्जी के खोखे के निकट सड़क किनारे मुंह के बल बेहोशी की हालत में पड़े मिले।

गंभीर रूप से घायल लाभ सिंह को पहले क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। रविवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप है कि कार्यालय से घर लौटते समय अज्ञात लोगों ने रास्ता रोककर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। पुलिस के अनुसार, उनके शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट की आशंका और मजबूत हुई है।

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जेई के साथ मारपीट के मामले में सदर थाना कुल्लू में 25 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब जेई की मौत के बाद मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *