27 जुलाई: बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई के समीप रविवार को पंजाब से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार बस (PB-03 BJ-9755) अमृतसर से श्रद्धालुओं को बाबा बालक नाथ के दर्शन कराने शाहतलाई आई थी। दर्शन के बाद वापस लौटते समय शाहतलाई के पास चालक का बस से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क पर पलट गई।
सूचना मिलते ही शाहतलाई पुलिस, टैक्सी यूनियन के सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर टैक्सियों के माध्यम से विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहतलाई में तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जिला बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।