27 जुलाई: उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने रविवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान किलाड़-उदयपुर सड़क मार्ग पर कढ़ू नाला के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन और प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त ने उप तहसील साच के गांव साच, घिसल, हिलोर और घनाला का दौरा कर प्रभावित परिवारों के दुख में सहभागिता जताई। इस दौरान आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी हरसंभव सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने साच, घिसल और हिलू टवान क्षेत्र के करीब 25 लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं। उन्होंने बिजली, सड़क और रास्तों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, साच का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हाल ही में स्वीकृत गर्ल्स हॉस्टल के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने और टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।