27 जुलाई: टिहरा में आयोजित राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने कारगिल सहित विभिन्न युद्धों में वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया।
समारोह में कारगिल युद्ध के शहीद नायक सरवन कुमार, सूबेदार खेम चंद, सिपाही टेक सिंह मस्ताना और नायक अशोक कुमार की वीर नारियों को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 1962 के भारत-चीन युद्ध, 1965 के भारत-पाक युद्ध तथा ऑपरेशन रक्षक के दौरान शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. शांडिल ने विभिन्न युद्धों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के आश्रितों को भी सम्मानित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए सैनिकों का त्याग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कारगिल युद्ध में घायल हुए नायब सूबेदार पुरुषोत्तम शर्मा को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर शौर्य चक्र और सेना मेडल से सम्मानित सैनिकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सैनिकों का समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।