शाढ़नू मेले में एंटी चिट्टा मिनी मैराथन, युवाओं ने दिया नशामुक्त हिमाचल का संदेश

23 जुलाई: जिला प्रशासन मंडी द्वारा चलाए जा रहे “चिट्टामुक्त हिमाचल-नशामुक्त मंडी” अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत नसलोह में शाढ़नू मेले के अवसर पर एंटी चिट्टा मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मिनी मैराथन में 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 150 पुरुष और 50 महिलाएं शामिल रहीं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक जनआंदोलन है। उन्होंने सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने और इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और युवाओं ने अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त रखने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।

प्रतियोगिता के अंडर-16 पुरुष वर्ग में कार्तिक कत्याल प्रथम, मोहित द्वितीय और रोहित तृतीय रहे। महिला वर्ग में रविवा शर्मा प्रथम, सिमरन द्वितीय और जाह्नवी तृतीय स्थान पर रहीं।

16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुषों में जतिन प्रथम, तिलक राज द्वितीय और शशि ठाकुर तृतीय रहे, जबकि महिला वर्ग में पलक प्रथम, गीतांजलि द्वितीय और सोनिया तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत नसलोह और राष्ट्रीय धावक चमन लाल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर पंचायत प्रधान मथरा देवी, उपप्रधान यादव लाल ठाकुर, राष्ट्रीय धावक चमन लाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *