23 जुलाई: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष प्रचार अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत कुफरी के लगधार और ग्राम पंचायत पाली के नगरोटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। संवाद युवा मंडल के कलाकारों ने लोकगीतों, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कलाकारों ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों, अत्याचार की स्थिति में मिलने वाले कानूनी संरक्षण और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके अलावा अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, प्रशिक्षण एवं दक्षता विकास योजना सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पात्र लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान के तहत चिट्टा समेत अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी इस बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर संबंधित पंचायतों के प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।