लाहुल-स्पीति के तांदी में चंद्रभागा नदी में गिरी कार, तीन युवकों की मौत, चार गंभीर घायल

20 अक्तूबर : लाहुल-स्पीति जिले के तांदी गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हरियाणा नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर चंद्रभागा नदी में जा गिरी। हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र लाहुल-स्पीति से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन नंबर एचआर 03पी 3251 तांदी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि कार सवार शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार सीधे चंद्रभागा नदी में जा गिरी। सूचना मिलते ही पटवारी मायड़ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू करवाया।

डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में सलग्रां निवासी शिव कुमार पुत्र रूप सिंह, अजय पुत्र रूप सिंह और कार्तिक पुत्र जारम चंद की मौत हो गई। वहीं, रोहित पुत्र मदन लाल, पुष्पेंद्र पुत्र अमरनाथ, समीर पुत्र राम किशन और विवेक पुत्र देवी सिंह घायल हुए हैं। रोहित, समीर और विवेक सलग्रां गांव के निवासी हैं, जबकि चालक पुष्पेंद्र भुजुंड का रहने वाला है।

चारों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *