6 मई: जिला शिमला में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भराड़ी रोड के समीप एक अज्ञात पोस्टर के जरिए रोहड़ू स्थित अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और एहतियातन दोनों परिसरों को तुरंत खाली करवा लिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में खड़े सभी वाहनों को हटा दिया गया है और पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया है। अधिकारियों के अनुसार परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है, हालांकि अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
इस मामले में थाना सदर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जिला शिमला पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।