6 मई: हिमाचल प्रदेश के मणिमहेश झील की ओर जाने वाले हड़सर से डल झील मार्ग पर अब बिना अनुमति दुकानें नहीं लगाई जा सकेंगी। दुकानदारों को इसके लिए वन विभाग के डीएफओ कार्यालय से पूर्व मंजूरी लेनी होगी। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए दुकानदारों से शुल्क भी लिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हड़सर से डल झील तक दुकानें राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के अनुरूप ही स्थापित की जाएंगी। झील के आसपास बनी अवैध दुकानों को भी हटाया जाएगा, ताकि क्षेत्र की स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने हड़सर गांव में दुकानदारों और पुजारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते मानसून में क्षतिग्रस्त हुए मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि भरमौर से हड़सर तक भूस्खलन से प्रभावित सड़कों को जल्द दुरुस्त किया जाए।
इसके अलावा दुनाली और धनछो में बारिश से क्षतिग्रस्त पुलों का पुनर्निर्माण भी लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के सहयोग से किया जाएगा। बैठक में मणिमहेश यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई और पुजारियों व स्थानीय लोगों से सुझाव लिए गए। प्रशासन का कहना है कि इन सुझावों को आगामी यात्रा के दौरान लागू किया जाएगा।