रैत ब्लॉक में BDC सदस्यों की शपथ में देरी पर उठे सवाल, जल्द शपथ करवाने की मांग

2 सितंबर: रैत ब्लॉक में निर्वाचित पंचायत समिति (BDC) सदस्यों की शपथ में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सिंह चौधरी ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सभी निर्वाचित सदस्यों की जल्द शपथ करवाने की मांग की है।

अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 79 के तहत पंचायत समिति के निर्वाचित सदस्यों की शपथ या प्रतिज्ञान तथा आगे की निर्वाचन प्रक्रिया का प्रावधान है। ऐसे में शपथ में हो रही देरी का कारण प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि देरी के पीछे कोई कानूनी, प्रशासनिक या तकनीकी कारण है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि कहीं किसी राजनीतिक दबाव या स्वार्थ के चलते लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित तो नहीं किया जा रहा।

चौधरी ने कहा कि BDC सदस्य जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें अपने क्षेत्रों की समस्याओं तथा विकास कार्यों को पंचायत समिति के माध्यम से उठाने की जिम्मेदारी मिली है। इसलिए निर्वाचित प्रतिनिधियों को समय पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि रैत ब्लॉक के सभी निर्वाचित BDC सदस्यों की तत्काल शपथ करवाई जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि है और किसी भी राजनीतिक दबाव या हस्तक्षेप के कारण निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के जनादेश और निर्वाचित BDC सदस्यों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *