आईआईटी मंडी के पीएचडी छात्र का कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

2 सितंबर: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के एक पीएचडी छात्र का शव कटौला स्थित उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो चंबा जिले के डलहौजी का रहने वाला था। घटना के बाद आईआईटी मंडी सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह गुरप्रीत ने जब परिजनों के फोन नहीं उठाए और काफी देर तक कमरे का दरवाजा भी नहीं खोला, तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद कटौला पंचायत के प्रधान महेश्वर सिंह ने पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि छात्र कटौला स्कूल के समीप किराये के कमरे में रह रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर गुरप्रीत का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरएफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे की तलाशी भी ली, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार शाम पीएचडी के कॉम्प्रिहेंसिव टेस्ट का परिणाम आने के बाद छात्र तनाव में बताया जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *