15 जुलाई: रैत स्थित बीडीओ कार्यालय परिसर के समिति हाल में उद्योग विभाग द्वारा रैंप (RAMP) योजना के तहत एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों, बीबीए के विद्यार्थियों तथा एमएसएमई इकाइयों से जुड़े करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहल पर शुरू की गई राजीव गांधी स्टार्टअप योजना युवाओं के लिए स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इस योजना की देशभर में सराहना हो रही है।
उन्होंने बैंकों से गरीब परिवारों को अधिकतम सहयोग देने की अपील की और उद्योग विभाग के अधिकारियों से भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में स्थानीय बैंकों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है तथा उद्योग विभाग को इस तरह की कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित करनी चाहिए।
कार्यशाला में शिमला से आए GeM के प्रशिक्षक अविनाश ने प्रतिभागियों को सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर पंजीकरण और सरकारी खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक ओ.पी. जरयाल ने विभागीय योजनाओं, प्रधानमंत्री रोजगार योजना और इन्क्यूबेशन सेंटर की जानकारी साझा की। वहीं, चीफ एलडीएम पृथ्वी रणबीर ने ई-कॉमर्स, उद्यमिता और बैंकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, बीडीओ रैत कमलजीत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, अजय बबली, अजय चौधरी, संजय शर्मा, कमल कटोच, शेर सिंह, सुषमा देवी, जितेंद्र राणा, उद्योग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।