3 सितंबर: शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश राजपूत कल्याण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राजपूत समाज से जुड़े विभिन्न विषयों और उनकी अपेक्षाओं को लेकर सार्थक चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि 2 अक्तूबर से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 2 लाख अतिनिर्धन परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी, जबकि महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
योजना में करीब 90 हजार ऐसे परिवारों को भी शामिल किया जाएगा, जिन्हें अभी तक किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
बैठक में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।