3 जुलाई, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी विंग (1 एचपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, सोलन) की कैडेट्स ने दो संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविरों (सीएटीसी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और बटालियन का नाम रोशन किया है। साथ ही एनसीसी की ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा में सफल 32 कैडेट्स को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
पहला 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 24 मई से 2 जून 2026 तक योल कैंट, धर्मशाला में तथा दूसरा शिविर 8 से 17 जून 2026 तक जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला (बैजनाथ) में आयोजित किया गया। इन शिविरों में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के 500 से अधिक एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, ड्रिल, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा लिखित एवं व्यावहारिक परीक्षाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
योल कैंट शिविर में कैडेट मनीषा और प्रज्ञा को बेस्ट कैडेट का सम्मान मिला। प्रज्ञा ने मोनो एक्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रियांशी ने शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पलक ठाकुर ने प्लैंक प्रतियोगिता और निबंध लेखन में प्रथम स्थान हासिल किया। दीपांशी ने 1600 मीटर दौड़ में प्रथम, काजल ने 100 मीटर दौड़ में द्वितीय तथा अंजू ने 1600 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संयोगिता को बेस्ट पायलटिंग मेडल तथा डीएसटी (ड्रिल स्क्वायर टेस्ट) में द्वितीय स्थान मिला, जबकि शृष्टि को भी बेस्ट पायलटिंग मेडल से सम्मानित किया गया। हेजल को उत्कृष्ट एंकरिंग के लिए पदक प्रदान किया गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला में आयोजित शिविर में रंजना ठाकुर, शगुन, ईशिका और सुकन्या का चयन डीएसटी के लिए हुआ। शगुन ने डीएसटी में प्रथम तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। रंजना ठाकुर को लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कंसिस्टेंट परफॉर्मर मेडल से सम्मानित किया गया और उन्हें कंपनी सीनियर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। रंजना ठाकुर, ईशिका और शगुन को बेस्ट पायलटिंग मेडल प्रदान किए गए। वहीं प्रिया, कोमल, श्रेया, ईशिका, शगुन, स्नेहा, कृतिका और आकृति ने सामूहिक नाटी नृत्य प्रतियोगिता में पुरस्कार हासिल किए।
इधर, एनसीसी की ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, डॉ. विक्रम श्रीवत्स, प्रो. संजय जसरोटिया तथा प्रो. हर्षा राणा ने 1 एचपी (गर्ल्स) बटालियन एनसीसी, सोलन के 32 कैडेट्स को ‘बी’ योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा ने सभी कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। वहीं प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि महाविद्यालय की कैडेट्स भविष्य में भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
दोनों प्रशिक्षण शिविरों में शानदार प्रदर्शन और 32 कैडेट्स के ‘बी’ प्रमाण पत्र प्राप्त करने से एक बार फिर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी इकाई ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्टता का परिचय दिया है।