4 जून , तरसेम जरयाल : हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े एवं प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन प्रॉस्पेक्टस भी महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पहले प्रॉस्पेक्टस का अध्ययन अवश्य करें, जिसमें पात्रता, विषय संयोजन, शुल्क, आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं।
महाविद्यालय में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बायोटेक्नोलॉजी तथा बी.वॉक (हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म एवं रिटेल मैनेजमेंट) सहित विभिन्न रोजगारपरक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। प्रदेश भर से हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस संस्थान में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी तैयार रखने की सलाह दी है, ताकि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी की जा सके।
ऑनलाइन आवेदन के लिए: https://admission.gcdharamshala.in
अधिक जानकारी एवं प्रॉस्पेक्टस डाउनलोड के लिए: https://www.gcdharamshala.in