राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में बी.वॉक विद्यार्थियों का भव्य फ्रेशर्स स्वागत समारोह

14 अगस्त तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में बैचलर ऑफ वोकेशनल स्टडीज (बी.वॉक) के सशक्त कौशल क्लब सोसायटी की ओर से प्रथम सत्र के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का विषय ‘Voyage – A New Journey Begins’ रहा, जो विद्यार्थियों के महाविद्यालयी जीवन की नई यात्रा के शुभारंभ का प्रतीक बना।

आतिथ्य एवं पर्यटन तथा रिटेल प्रबंधन के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और रिबन काटकर गर्मजोशी से स्वागत किया। माया ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी और मनोरंजक खेलों सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह और उमंग भर दी।

समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। पूर्व प्राचार्य एवं सेवानिवृत्त डॉ. मदन गुलरिया तथा यात्रा एवं पर्यटन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कटोच विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में कनिका सूद, दर्शना, शिखा शर्मा, आस्था शर्मा, शैशव शर्मा एवं अंशुल राणा शामिल रहे। क्लब की अध्यक्षा तनिशा ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में एकल एवं सामूहिक नृत्य, युगल नृत्य, गायन, रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी और मनोरंजक खेलों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुकों का परिचय करवाते हुए उन्हें सहज और अपनत्वपूर्ण वातावरण प्रदान किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का भरपूर मनोरंजन किया।

सशक्त कौशल क्लब सोसायटी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। क्लब की अध्यक्ष तनिशा, कोषाध्यक्ष आर्या पुरी सहित ईम्मी, अनिकेत, रिया, जानवी और अन्य सदस्यों को बैज प्रदान किए गए। उनके समर्पण, अनुशासन, सहयोग और टीम भावना की सराहना की गई।

आतिथ्य एवं पर्यटन वर्ग में आयुष ने मिस्टर फ्रेशर, कनक ने मिस फ्रेशर, कनिका ने मिस पर्सनैलिटी, कनिष्क ने मिस्टर पर्सनैलिटी, अस्मिता ने मिस हॉस्पिटैलिटी आइकन और नितिन ने मिस्टर हॉस्पिटैलिटी आइकन का खिताब हासिल किया।

वहीं रिटेल प्रबंधन वर्ग में आफरीन ने मिस फ्रेशर, शिवेन ने मिस्टर फ्रेशर, वंशिका ने मिस पर्सनैलिटी, मितिश ने मिस्टर पर्सनैलिटी, कृतिका ने मिस एलिगेंस और अक्षत ने मिस्टर एलिगेंस का खिताब अपने नाम किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्यातिथि प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बी.वॉक विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ बेहतर रोजगार और नियुक्ति के अवसर प्रदान करने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने पाठ्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन, संवाद कौशल और सकारात्मक सोच को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को महाविद्यालय की ओर से उपलब्ध करवाए जा रहे अवसरों का सदुपयोग कर अपने विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

प्राचार्य ने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और कौशल निर्माण पर विशेष बल देती है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन में सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का महत्व है, लेकिन इसके साथ पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और भविष्य के लक्ष्यों पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।

समारोह के अंत में तरसेम जरयाल ने मुख्यातिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रशिक्षकों और सभी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बी.वॉक विभाग को निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े शैक्षणिक अथवा अन्य विषयों को प्राचार्य के समक्ष रखने पर हमेशा सकारात्मक सहयोग प्राप्त होता है।

समारोह में विभाग के प्रशिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *