14 अगस्त: ग्राम पंचायत सेहल में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत प्रोडक्शन सिस्टम के अंतर्गत कृषि एवं बागवानी किट वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर किसानों को कृषि एवं बागवानी किट वितरित कीं।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रोडक्शन सिस्टम के तहत 9 लाख 32 हजार रुपये की लागत से कृषि एवं बागवानी से संबंधित विभिन्न उपकरण खरीदे गए हैं। इन उपकरणों को करीब 300 किसानों को वितरित किया गया। इससे किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और कृषि एवं बागवानी उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के उचित उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में कृषि और बागवानी की अहम भूमिका है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध करवाकर कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ व्यवसाय बनाना है। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
विधायक ने स्थानीय लोगों की मांगों को ध्यान में रखते हुए सेहल स्कूल के रास्ते में पुलिया निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा सेहल खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, बीडीसी सदस्य रविंद्र कुमार, प्रधान सन्नी कपूर, उपप्रधान भीखम दास, शलभ अवस्थी, राम कृष्ण, बीके शर्मा, मंडल कपूर, प्रकाश चंद, घोगरू राम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।