29 जुलाई , तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के वाणिज्य विभाग द्वारा सेबी (SEBI) की पहल SMARTs (Securities Market Awareness, Research and Training Scheme) के सहयोग से “सिक्योरिटीज मार्केट लेवल-1” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतिभूति बाजार, निवेश और वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक बनाना था। इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं संसाधन व्यक्ति रचित अग्रवाल ने विद्यार्थियों को निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के पहले सत्र में बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर के 57 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभूति बाजार की मूलभूत अवधारणाओं, स्टॉक एक्सचेंज की भूमिका, सेबी के कार्य, विभिन्न निवेश विकल्पों और सोच-समझकर निवेश करने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर विषय की गहन जानकारी प्राप्त की।
दूसरे सत्र में बीएफएसआई प्रथम सेमेस्टर के 48 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें जोखिम और प्रतिफल, निवेशकों के अधिकार, वित्तीय नियोजन तथा जिम्मेदार निवेश जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
दोनों सत्रों में कुल 105 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पूंजी बाजार की कार्यप्रणाली, निवेश के सिद्धांतों और वित्तीय प्रबंधन की व्यावहारिक समझ मिली। महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम की सफलता पर संसाधन व्यक्ति रचित अग्रवाल और SMARTs–SEBI का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आर्थिक रूप से जागरूक और भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनाते हैं।