मोदी सरकार के 12 साल बदलाव और विकास के नाम: जगत प्रकाश नड्डा

13 जून : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शिमला में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि विकसित भारत की मजबूत आधारशिला रखने का कालखंड रहा है।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक देश के प्रधान सेवक के रूप में कार्य करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, समर्थन और अपेक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृतकाल के दौरान वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प रखा था और पिछले 12 वर्षों में उस लक्ष्य की मजबूत नींव रखी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की राजनीति जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द केंद्रित थी। आम नागरिक यह मानने लगा था कि सरकारें बदलती हैं, लेकिन व्यवस्था नहीं बदलती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सोच को बदलते हुए राजनीति को सेवा, सुशासन और जवाबदेही का माध्यम बनाया। आज आम नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का साहस करता है, क्योंकि उसे विश्वास है कि उसकी बात सुनी जाएगी।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी कुप्रथा से मुक्ति दिलाना तथा नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू करना ऐसे ऐतिहासिक निर्णय हैं, जिन्हें पूर्ववर्ती सरकारें वर्षों तक टालती रहीं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को लगातार तीसरी बार जनता का आशीर्वाद मिला है। वर्ष 2014 के बाद हुए तीनों लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है। विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बल पर भाजपा ने देश में प्रो-इनकंबेंसी का माहौल बनाया है। पिछले वर्षों में हुए 75 प्रमुख चुनावों में से 43 में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को विजय प्राप्त हुई है। आज देश की लगभग 78 प्रतिशत आबादी भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित राज्यों में निवास करती है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में चार लाख 30 हजार किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है। हिमाचल प्रदेश में 14,400 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। हिमाचल प्रदेश में भी लगभग डेढ़ लाख परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

आतंकवाद और नक्सलवाद के मुद्दे पर जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन चुनौतियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। भारत अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने वाला राष्ट्र बन चुका है। विकास, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऐतिहासिक सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि आज देश सुरक्षा, विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *