12 जून : शाहपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्वाचित पार्षदों ने सर्वसम्मति से नए नेतृत्व का चयन किया।
चुनाव में वार्ड नंबर-3 से निर्वाचित बविता को नगर पंचायत शाहपुर का अध्यक्ष चुना गया, जबकि वार्ड नंबर-5 से निर्वाचित राजीव पटियाल को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों के निर्विरोध चयन के बाद नगर पंचायत में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने नव निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर पंचायत विकास और जनसेवा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी टीम आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों की मजबूत भूमिका ही क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती है और शाहपुर नगर पंचायत जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आदर्श नगर पंचायत बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष बविता और उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने सभी पार्षदों, क्षेत्रवासियों और विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी के सहयोग से शाहपुर के विकास को नई गति प्रदान की जाएगी।