15 जून : भारत-अफगानिस्तान मुकाबले में जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने धर्मशाला की खूबसूरत वादियों का आनंद लिया। निर्धारित अभ्यास सत्र रद्द होने के बाद टीम के कई खिलाड़ी खनियारा के समीप स्थित मांझी खड्ड पहुंचे, जहां उन्होंने प्राकृतिक जलधारा और शांत वातावरण के बीच यादगार समय बिताया।
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी सहित कई खिलाड़ियों ने धौलाधार पर्वत श्रृंखला से आने वाले ठंडे पानी के प्राकृतिक पूल में समय बिताया। इस दौरान खिलाड़ियों ने तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
धर्मशाला की प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित खिलाड़ियों ने आधुनिक सुविधाओं से दूर पहाड़ों के बीच कुछ पल सुकून के बिताए। वहीं टीम के अन्य सदस्यों ने मैक्लोडगंज, धर्मकोट और भागसूनाग जैसे पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लिया।
धर्मशाला का शांत माहौल और मनमोहक दृश्य लंबे समय से खिलाड़ियों और पर्यटकों को आकर्षित करते रहे हैं, जिससे यह खेल और पर्यटन दोनों के लिए खास पहचान बनाए हुए है।