15 जून : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम सुराज माजरा गुज्जरां स्थित एक इमारत में छापेमारी कर अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 किलो 696 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास श्रीवास्तव पुत्र सूरजपाल श्रीवास्तव निवासी गांव कोहनी प्रतापपुर, तहसील औला, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से तीन पारदर्शी पॉलिथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 3.696 किलो अफीम पाई गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18ए, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।