मुख्यमंत्री से मिले ललित ठाकुर, भरमौर–पांगी के विकास से जुड़े अहम मुद्दे उठाए

27 जुलाई:एपीएमसी चंबा के चेयरमैन एवं आदिवासी कांग्रेस हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष ललित ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर भरमौर–पांगी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

ललित ठाकुर ने मुख्यमंत्री के समक्ष किलाड़ महाविद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की बहाली, पांगी क्षेत्र में एलपीजी गैस और राशन की नियमित आपूर्ति, सीवरेज कार्य में आ रही बाधाओं के समाधान, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने, शिक्षकों की नियुक्ति तथा एचआरटीसी बस सेवाओं के विस्तार की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साच (पांगी) को राजीव गांधी गवर्नमेंट डे बोर्डिंग स्कूल (RGDBS) में परिवर्तित करने का आग्रह भी किया।

उन्होंने होली–उतराला सड़क निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उनका कहना था कि यह सड़क क्षेत्र के विकास, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक के दौरान चमेरा चरण-3 परियोजना से प्रभावित पंचायतों के पात्र परिवारों को LADF के तहत लंबित एक प्रतिशत अतिरिक्त धनराशि शीघ्र जारी करने का मुद्दा भी उठाया गया, ताकि प्रभावित परिवारों को उनका वैधानिक अधिकार समय पर मिल सके।

ललित ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन जनहित से जुड़े मुद्दों पर जल्द ही ठोस निर्णय लिए जाएंगे, जिससे भरमौर–पांगी क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *