27 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बोह पंचायत का दौरा कर हाल ही में आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
इस दौरान राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से सभी 16 प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत सहायता भी प्रदान की गई। मंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों का मनोबल बनाए रखना और उन्हें हरसंभव सहयोग देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विक्रमादित्य सिंह ने बोह सड़क के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ₹1 करोड़ जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र परिवारों तक सरकारी सहायता समयबद्ध तरीके से पहुंचाई जाए।
इससे पहले मंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में चंबी खड्ड पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की स्थिति का जायजा लेने के साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।