6 अक्तूबर:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जॉब ट्रेनी प्रशिक्षु चिकित्सकों को स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम करने की अनुमति देने के निर्देश दिए हैं। सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम करने के इच्छुक चिकित्सकों को भी इसकी अनुमति प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सकों के बॉन्ड की अवधि और राशि में वृद्धि की जाएगी, ताकि पीजी या सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद चिकित्सक प्रदेश लौटकर हिमाचल की जनता को अपनी सेवाएं देते रहें।
उन्होंने सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के रेडियोलॉजी विभागों में होने वाली एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जांच से संबंधित डेटा को 20 अक्तूबर तक एंड-टू-एंड डिजिटाइज करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, सभी मेडिकल कॉलेजों को नर्सों और तकनीशियनों की विभागवार आवश्यकता की जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा गया, ताकि भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य और स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।